ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
कालसी गेट स्थित रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले यमुना शरदोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को दिनभर आयोजन समिति तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी रही।
क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक समिति कालसी की ओर से आयोजित होने वाला महोत्सव 28 जनवरी तक चलेगा। अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। अध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि शुरुआती तीन दिन कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन अलग-अलग वर्ग में किया जाएगा। ओपन कबड्डी की विजेता टीम को 1.11 लाख और गांव वाइज कबड्डी की विजेता टीम को 51 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। बालिका कबड्डी की विजेता टीम को 31 हजार रुपये का इनाम मिलेेगा।
टीमों के उत्साहवर्धन के लिए प्रो कबड्डी के खिलाड़ी प्रदीप नरवाल और नितिन तोमर भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। लोक गायिका संगीता ढौंढियाल, हिमाचली लोक गायक विक्की चौहान के साथ ही जौनसारी जनजाति लोक कला समिति चकराता, जौनसार बावर पौराणिक कला मंच लोहारी-लोखंडी के कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। बागवानी, जड़ी-बूटी, आयुर्वेद, खेल समेत विभिन्न वर्गों में सराहनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। समापन पर मुख्य अतिथि विधायक मुन्ना सिंह चौहान के साथ ही सीबीसीआईडी के आईजी अनंत राम चौहान और सूचना विभाग के सहायक निदेशक कलम सिंह चौहान शिरकत करेंगे।