गोपेश्वर। नगर पंचायत पोखरी के वार्ड सभासदों ने पंचायत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सभासदों ने सोमवार को नगर में नगर पंचायत की ओर से किए गए विकास कार्यों की जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और एक सभासद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गया। उन्होंने मांग पर कार्रवाई न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
सोमवार को पोखरी नगर पंचायत के सभासदों ने स्थानीय लोगों के साथ नगर में हुए विकास कार्यों की जांच की मांग को लेकर जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद नगर पंचायत सभासद विष्णु प्रसाद चमोला ने नगर के विनायकधार में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। यहां आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी की ओर से किए गए विकास कार्यों में सभासदों व नगर पंचायत बोर्ड के प्रस्तावों को दर किनार कर मनमर्जी से कार्य करवाए जा रहे हैं, जिससे सरकारी धन का खुले आम दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि मामले में उच्चाधिकारियों से भी कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन आज तक स्थिति जस की तस बनी है। अब बाध्य होकर लोगों को आंदोलन शुरू करना पड़ रहा है। इस मौके पर नगर पंचायत पार्षद मंगल सिंह नेगी, व्यापार मंडल अध्यक्ष महिधर पंत, मधुसूदन चौधरी, शांति देवी, सिद्धार्थ, सोहन, गायत्री देवी और बीना शर्मा आदि मौजूद थे।