गोपेश्वर। जिला प्रशासन की ओर से डीएम सभागार में जन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की ओर से 16 शिकायतें दर्ज की गईं। डीएम आशीष जोशी ने सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को 15 दिनों में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिला सभागार में आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर में पनाई गांव निवासी गिरीश सिंह ने सेमी-पनाई-उतरौं मोटर मार्ग निर्माण में दबी कृषि भूमि का प्रतिकर न मिलने की शिकायत दर्ज की। ग्राम प्रधान चैडासैंण के हिम्मत सिंह ने पीएमजीएसवाई की सड़क दीवागाड-कन्डारी खोड के निर्माण से कृषि भूमि, मकान और सिंचाई गूल दब जाने की शिकायत दर्ज की। डीएम ने मौके पर ही पीएमजीएवाई के अधिकारियों को 7 फरवरी तक मामले में कार्रवाई कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। मैठाणा निवासी योगेश्वर प्रसाद ने ऑल वेदर रोड से जुड़ी शिकायत दर्ज की। मटई गांव के ग्रामीणों ने गांव की अनुसूचित जाति बस्ती में पेयजल आपूर्ति की मांग उठाई। अलकोट, नारायणबगड निवासी कुंदन सिंह नेगी ने आपदा से मकान तथा खेतों के नुकसान के संबंध में आर्थिक मदद देने की बात कही। इस पर डीएम ने संबंधित एसडीएम तथा बीडीओ को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. भागीरथी जंगपानी सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद थे।