श्रीनगर। गढ़वाल विवि प्रशासन इस सप्ताह विवि कुलपति और परीक्षा नियंत्रक के लिए विज्ञापन जारी करेगा। वर्तमान में दोनों पदों पर विवि के वरिष्ठ प्रोफेसर कार्यवाहक के तौर पर नियुक्त हैं।
गढ़वाल विवि में परीक्षा नियंत्रक का पद काफी समय से रिक्त है। इस पद पर कार्यवाहक के तौर पर विवि के वरिष्ठ प्रोफेसर सेवाएं दे रहे हैं। पूर्व में विवि में व्यावसायिक पाठ्यक्रम व सामान्य पाठ्यक्रम के अलग-अलग परीक्षा नियंत्रक होते थे। विवि प्रशासन अब एक ही परीक्षा नियंत्रक से काम चला रहा है। वर्तमान में प्रो. एसएस नेगी परीक्षा नियंत्रक का दायित्व निभा रहे हैं। करीब दो वर्ष पहले परीक्षा नियंत्रक पद पर नियुक्ति के लिए विवि ने साक्षात्कार भी कराए थे, लेकिन योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने से नियुक्ति नहीं हो पाई थी। वहीं गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. जेएल कौल को पद से हटाने के बाद वरिष्ठ प्रोफेसर एबी भट्ट कार्यवाहक कुलपति के तौर पर कार्यभार देख रहे हैं। शनिवार को दिल्ली में आयोजित गढ़वाल विवि की कार्य परिषद की बैठक में स्थायी परीक्षा नियंत्रक के लिए जल्द विज्ञापन जारी करने पर सहमति दी गई। विवि प्रशासन इसी सप्ताह कुलपति व परीक्षा नियंत्रक पद के लिए विज्ञप्ति जारी करने जा रहा है। विवि के कुलसचिव डा. एके झा ने बताया कि इस सप्ताह इन दोंनों पदों के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी जाएगी।