श्रीनगर। शौर्य यात्रा अभियान कोर कमेटी की बैठक में वर्ष 2013 में केदारनाथ क्षेत्र में आपदा के दौरान मारे गए लोगों की स्मृति में स्मारक निर्माण की मांग की गई।
कोर कमेटी के सदस्यों ने केंद्र व राज्य सरकार से आग्रह किया कि आपदा के दौरान राहत व बचाव कार्यों में जान गवा चुके सैनिक, अर्द्धसैनिक बल, पुलिस व एनडीआरएफ आदि के जवानों के बलिदान की स्मृति में केदारनाथ में स्मारक का निर्माण किया जाना चाहिए। इसके साथ ही इस दौरान आपदा में मारे गए देश- विदेश के श्रद्धालुओं सहित तीर्थपुरोहित व अन्य लोगों की स्मृति में भी स्मारक का निर्माण हो। कमेटी की बैठक में निर्णय लिया गया कि शौर्य यात्रा अभियान के तहत कमेटी के सभी सदस्य केदारनाथ पहुंच कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देंगे। बैठक में शौर्य यात्रा के तहत वर्ष 2018 में सम्मानित होने वाली विभूतियों पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर डा. मोहन सिंह रावत गांववासी, प्रो. आरएस पंवार, डा. अरविंद दरमोड़ा, भोपाल सिंह चौधरी, विवेक ममगाईं, अभिलेख जगूड़ी, रमेश ममगाईं आदि मौजूद थे।