आदिबदरी। सात दिनों से चल रहे महाभिषेक समारोह एवं पर्यटन मेले का समापन महायज्ञ और पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। समापन समारोह में विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने धार्मिक गीत, भजन, फैंसी ड्रेस सहित अन्य प्रतियोगिताओं में शामिल स्कूली बच्चों, महिला मंगल दलों को सम्मानित किया। इस दौरान मंदिर में भंडारे का आयोजन भी किया गया।
शनिवार को समापन समारोह में विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि आदिबदरी धाम को विकसित और पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे। विधायक ने मंदिर समिति को आयोजन के लिए 50 हजार की आर्थिक मदद देने की घोषणा भी की। दूसरी ओर गढ़वाल राइफल कीर्तन मंडप में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का समापन भी महायज्ञ के साथ हुआ। यहां कथावाचक सोहन प्रसाद खंडूड़ी ने मानव को सद्कर्मों पर चलने की बात कही। मंदिर परिसर में विश्व शांति के लिए महायज्ञ का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। समापन समारोह में मंदिर समिति के अध्यक्ष विजयेश नवानी, विनोद नेगी, गैणा सिंह, गैरसैंण नगर पंचायत के अध्यक्ष गंगा सिंह पंवार, नरेन्द्र चाकर, नरेश बरमोला, सुनील खंडूड़ी, जगदंबा खंडूड़ी, विजय चमोला, नंदा नेगी, नारायण निरंकारी आदि मौजूद थे।