गैरसैंण। स्थायी राजधानी की मांग को लेकर शनिवार को लोग सड़कों पर उतर गए। संघर्ष समिति के नेतृत्व में लोगों ने दो घंटे तक नैनीताल हाईवे पर जाम लगाया और दो घंटे तक बाजार बंद रखे। इस दौरान जुलूस प्रदर्शन कर गैरसैंण को जल्द राजधानी बनाने की मांग की गई। चेतावनी दी गई यदि जल्द गैरसैंण मामले में फैसला नहीं लिया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
शनिवार को संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में साढ़े नौ बजे लोग रामलीला मैदान इकट्ठा हुए और कर्णप्रयाग-नैनीताल हाईवे को जाम लगा दिया। लोगों ने गैरसैंण राजधानी के समर्थन में नारेबाजी की। उन्होंने कहा यदि जल्द गैरसैंण को स्थायी राजधानी नहीं बनाया गया तो पूरे जिले में उग्र आंदोलन करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य बाजार से तहसील तक जुलूस प्रदर्शन किया। कहा कि रामलीला मैदान में स्थायी राजधानी की मांग को लेकर 12 दिसंबर 2018 से क्रमिक अनशन किया जा रहा है, लेकिन सरकार और प्रशासन इसकी सुध नहीं ले रहा है। समिति ने कहा कि राजधानी की मांग को लेकर क्रमिक धरना मांग पूरी होने तक जारी रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में धनीराम, रणजीत शाह, संजय, राम उप्रेती, कृष्णा नेगी, कुलदीप नेगी, देवेंद्र सिंह और गोपाल दत्त पंत आदि मौजूद थे।