गढ़वाली फीचर फिल्म ‘बड़ांग’ देखने उमड़े दर्शक
-- विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल ने किया पहले शो का शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
गढ़वाली फीचर फिल्म ‘बड़ांग’ शुक्रवार को तीर्थनगरी में रिलीज हो गई। इस दौरान नगर के रामा पैलेस सिनेमा हॉल में फिल्म के पहले शो का क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने रिबन काटकर विधिवत शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि पूरे विश्वभर में पहाड़ की संस्कृति, रीति-रिवाजों को जाना जाता है। देश के विभिन्न प्रांतों के लोगों के साथ ही विदेशी भी पहाड़ की संस्कृति के कायल होते जा रहे हैं। उन्होंने पहाड़ के लोगों से अपनी बोली-भाषा को बढ़ावा देने के लिए अपने बच्चों के साथ अपनी आंचलिक भाषा में वार्तालाप करने की अपील की है।
इस दौरान फिल्म के निर्माता टीपी भट्ट व निर्देशक केपी ढौंडियाल ने बताया कि फिल्म की कहानी महिला उत्पीड़न व महिला जन जागरूकता पर आधारित है। फिल्म के माध्यम से महिला सशक्तीकरण व समाज में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संदेश दिया गया है। इस अवसर पर भाजपा महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष अनीता ममगाईं, फिल्म के लेखक व गीतकार अरुण प्रकाश बडोनी, डा. राजे नेगी, सचिन भट्ट, हर्ष, निधि शर्मा, डा. मीरा सिंह, रामकृष्ण भट्ट, रीना शर्मा, राजकुमारी जुगलान, प्रेम कश्यप, राजीव, रमेेश नौटियाल, राजा ढींगरा, धीरेंद्र रांगड़, सत्येंद्र चौहान, विनोद गुप्ता, रवि पाल आदि मौजूद थे।