किसान अपणु बाजार में फसल लाकर पाएं सही दाम
-- माजरीग्रांट में अपणु बाजार परिसर में आयोजित की कार्यशाला
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। किसानों को उनकी उपज का सही दाम दिलाने और बिचोलियों से बचाने के लिए कृषि उत्पादन मंडी समिति, ऋषिकेश की ओर से माजरीग्रांट में कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें काश्तकारों को केंद्र सरकार के ई-नेम कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की गई। इसके अलावा उन्हें अपणु बाजार का लाभ उठाने के लिए भी कहा गया। शुक्रवार को माजरीग्रांट स्थित उपभोक्ता कृषक मंडी परिसर में मंडी समिति के तत्वावधान में कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें मंडी समिति की सचिव नंदनी उनियाल ने किसानों को बताया कि अपणु बाजार कार्यक्रम को निकटवर्ती किसानों को उपज बिक्री और ग्रामीण उपभोक्ताओं को खरीद के लिए एक स्थान पर लाने के लिए किया गया।
बताया कि अपणु बाजार से बिचौलिया से बचा जा सकता है, इसके साथ ही उपभोक्ताओं को ताजी फल-सब्जियां और अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध होते हैं। सचिव ने काश्तकारों को केंद्र सरकार के कार्यक्रम (इलेक्ट्रानिक राष्ट्रीय कृषि बाजार) से जुड़ी जानकारियां भी दी। साथ ही उनसे पंजीकरण कराने की अपील भी की। बताया कि इसके तहत रजिस्ट्रेशन किसान ही नहीं, व्यापारी को भी कराना है। मौके पर ग्राम प्रधान अनिल पाल, बरफ सिंह पोखरियाल, हरि सिंह, रेशम माजरी, वीरेंद्र सिंह, गुलाब सिंह, प्रदीप सिंह, भोला, संजय कुमार, पवन कुमार, दिगंबर सिंह, राव मुशर्रफ, चंद्रशेखर, अजय रतूड़ी, अनुपम सक्सेना आदि मौजूद थे।