गैरसैंण। बछुवाबाण मल्ला के पंचम सिंह की संदिग्ध मौत के मामले में नामजद रिपोर्ट होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस आरोपी को बचा रही है। शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे और एसडीएम के बाद विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी से मिले। ग्रामीणों ने कहा यदि जल्द मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण सड़कों पर उतरकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
महिला मंगल दल अध्यक्ष कश्मीरा शाह के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामीण पंचम सिंह का शव गांव की सीमा पर पेड़ से लटका मिला था। पंचम ने आत्महत्या नहीं बल्कि उसकी हत्या की गई है। मृतक के भाई नरेंद्र ने थाना पुलिस को लिखित तहरीर में गांव के ही देव सिंह पर आरोप लगाए थे। पुलिस ने मामले की जांच माईथान चौकी प्रभारी महेश हरबोला को दी थी, लेकिन 19 दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने एसडीएम स्मृता परमार के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा। इसके बाद ब्लाक सभागार में पार्टी की बैठक में शामिल हुए विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी से ग्रामीण मिले। ग्रामीणों ने मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और चौकी प्रभारी के स्थानांतरण की मांग की। एसडीएम और विधायक से मिलने वालों में चंद्रा देवी, नरेंद्र सिंह सहित चालीस से अधिक ग्रामीण शामिल थे।
कोेट
ग्रामीणों के साथ वार्ता हुई है। मामले में डीएम और एसपी को विधिक के साथ निष्पक्ष कार्रवाई के लिए कहा गया है। साथ ही चौकी प्रभारी यदि कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं तो एसपी से तुरंत कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। - सुरेंद्र सिंह नेगी, विधायक कर्णप्रयाग।