निगम प्रशासन पर बिफरे भैरव कॉलोनी के लोग
-- सहायक नगर आयुक्त से बायोटॉयलेट स्थापित करने की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। बदरीनाथ मार्ग चंद्रभागा पुल के समीप भैरव कॉलोनी में सीवर लाइन न बिछने से स्थानीय लोग परेशान हैं। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से कॉलोनी में बायोटॉयलेट लगाने की मांग की है। बताया कि कई बार निगम प्रशासन को अवगत कराया गया है, लेकिन अधिकारी संज्ञान लेने को तैयार नहीं हैं। बुधवार को कांग्रेस के पूर्व नगर महासचिव देवेंद्र कुमार प्रजापति के साथ स्थानीय लोग नगर निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सहायक नगर आयुक्त महेंद्र कुमार यादव से मुलाकात की व ज्ञापन सौंपा। बताया कि भैरव कॉलोनी के समीप दो से तीन स्थानों पर भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सीवर लाईन नहीं बिछ पा रही है, जिसके चलते स्थानीय लोगों को शौच के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
बताया कि कॉलोनी के समीप लगा बायोटॉयलेट काफी समय से बंद पड़ा है। कई बार शिकायत के बावजूद भी निकाय के अधिकारी टॉयलेट को चालू नहीं कर रहे हैं। उन्होंने निगम प्रशासन से क्षेत्र के लोगों के लिए पुराने बायोटॉयलेट को सुचारु करने के साथ ही एक और बायोटॉयलेट स्थापित करने की मांग भी की है। देवेंद्र कुमार प्रजापति ने इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर सहायक नगर आयुक्त को स्थानीय लोगों के साथ निकाय के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी है। ज्ञापन सौंपने वालों में अमित पाल, मोहनलाल, गुलाब गिरि, ओमप्रकाश, धर्मवीर, जसपाल, राम शंकर, मोहन सिंह, जगदी कुमार, संदीप कोरी, शांति देवी, गीता, कुंती देवी, प्रियांशु, किरन देवी, रविंद्र गुप्ता आदि शामिल थे।