नशे के खिलाफ भाजयुमो ने निकाली रैली
-- लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए किया प्रेरित
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सोमवार को ग्रामीण क्षेत्र में नशा उन्मूलन और स्वच्छता को लेकर जनजागरण दोपहिया वाहन रैली का आयोजन कर युवाओं को नशाखोरी से दूर रहने और लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता मिशन को गति देने के लिए आयोजन किया गया है। भाजयुमो के पूर्व वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दुपहिया रैली निकाली। रैली अठूरवाला, जौलीग्रांट और भानियावाला आदि ग्रामीण क्षेत्रों से होकर निकली।
इससे पहले आयोजित सभा में संदीप नेगी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नशाखोरी बढ़ती जा रही है। युवाओं को इससे दूर रहकर करियर निर्माण की ओर ध्यान देना चाहिए। जिला मंत्री भरत मनचंदा ने कहा कि सामूहिक सहयोग से ही स्वच्छता मिशन को गति दी जा सकती है। कहा कि युवा मोर्चा इस दिशा में सक्रियता से काम करेगा। रैली में मंजीत संधू, सतीश सुंदरियाल, आदेश तिवारी, गगनदीप नेगी, राहुल सैनी, विक्रम सिंह, सुनील रावत, नीरज थापा, अनिल नेगी, जीतेंद्र नेगी, शिवम, राजदीप नेगी, सतनाम सिंह आदि कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे थे।