हरिद्वार को हराकर देहरादून की टीम बनी चैंपियन
-- क्रिकेट टूर्नामेंट में दी विजेता क्लब हरिद्वार को दी शिकस्त
अमर उजाला ब्यरो
ऋषिकेश/रायवाला। रायवाला में आयोजित अखिल भारतीय स्व. शिवा ढौंडियाल मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट रविवार को संपन्न हो गया है। फाइनल मुकाबले में दून टाइगर क्लब, देहरादून ने विजेता क्लब हरिद्वार को हराकर जीत दर्ज की। इस दौरान विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। रविवार को टूर्नामेंट का अंतिम मुकाबला रायवाला हाट बाजार स्थित खेल मैदान में दून टाइगर क्लब देहरादून व विजेता क्लब हरिद्वार के बीच खेला गया। मैच में विजेता क्लब हरिद्वार ने प्रतिद्वंद्वी टीम के समक्ष 153 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में मैदान में उतरी दून टाइगर की टीम ने सात विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की।
टूर्नामेंट की आयोजक संस्था स्मैशर स्पोर्ट्स क्लब अध्यक्ष शूरवीर सिंह पंवार ने बताया कि 14 दिवसीय मुकाबले में बीते शनिवार को दून टाइगर क्लब ने तपोवन क्लब और विजेता क्लब हरिद्वार ने एशेश क्लब दून को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। बताया कि विजेता टीम कोपूर्व दरजाधारी राज्यमंत्री संदीप गुप्ता ने ट्राफी और प्रशस्ति भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर ज्योति सजवाण, मनोज जखमोला, किशन नेगी, अजय साहू, संजीव चौहान, उर्मिला नौटियाल, मातवर सिंह पंवार, सुरेश चंद, मीनू आदि मौजूद थे।