ब्यूरो/ अमर उजाला, मसूरी।
पहाड़ो की रानी मसूरी मे लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। पंजाबी समुदाय के लोगों ने लोहड़ी जलाकर पूजा अर्चना की। उसके बाद प्रसाद के रूप में रेवड़ी, मूंगफली और पॉपकार्न वितरित किए गये। इस दौरान लोहड़ी के गीतों पर लोग खूब थिरके।
शनिवार को लोहड़ी के पर्व पर गुरु सिंह सभा लंढौर और लाइब्रेरी गुरुद्वारा साहिब ट्रस्ट में शबद कीर्तन का आयोजन किया गया। इसके बाद लंढौर गुरुद्वारा चौक, गांधी चौक पर लोहड़ी जलाकर लोगों ने घेरा बनाकर प्रसाद चढ़ाया। मसूरी घूमने आए पर्यटकों ने भी लोहड़ी पर्व में शिरकत की। वहीं, पंजाबी महासभा मसूरी ने मालरोड पर कुलड़ी पुलिस चौकी के निकट लोहड़ी का पर्व मनाया। लोहड़ी जलाकर लोहड़ी के गीतों पर लोग खूब थिरके। इस दौरान गुरु नानक स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी सुनील बक्शी ने बताया कि स्कूल की ओर से 15 जनवरी से गुरुद्वारा लंढौर में पंजाबी सिखाने के लिए कक्षाएं शुरू की जाएंगी। जिसमें स्कूल के पंजाबी भाषा के शिक्षक इच्छुक लोगों को पंजाबी भाषा का ज्ञान देंगे। इस मौके पर पंजाबी महासभा के अध्यक्ष एमपीएस खुराना, सुबोध कपूर, पूर्व विधायक मसूरी जोत सिंह गुनसोला, पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, पूर्व पालिका अध्यक्ष ओपी उनियाल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सतीश ढौंडियाल, नरेंद्र सिंह, जगजीत कुकरेजा, नरेश आनंद, सभासद जसबीर कौर, शशि रावत, विनय चतुर्वेदी, जीएस मनचंदा, कवल जीत सिंह, शिव अरोड़ा आदि मौजूद रहे।