वनकर्मियों को दिया बाघ गणना का प्रशिक्षण
-- अगले महीने होनी है राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघ गणना
अमर उजाला ब्यूरो
रायवाला। राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क प्रशासन की ओर से अखिल भारतीय बाघ गणना कार्यक्रम को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांसरों रेंज कार्यालय में आयोजित हुए प्रशिक्षण शिविर में तीन रेंजों के करीब 80 वनकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। शनिवार को राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर, कांसरों और रामगढ़ रेंजों का संयुक्त बाघ गणना प्रशिक्षण कार्यक्रम कांसरों रेंज कार्यालय में आयोजित किया गया, जिसमें राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक सनातन ने कर्मचारियों को प्रत्येक चार साल में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय बाघ गणना कार्यक्रम से संबंधित जानकारियां दी।
इस अवसर पर प्रशिक्षक मोतीचूर रेंज अधिकारी विकास रावत ने बताया कि चार साल में आयोजित होने वाली गणना के तहत वनस्पति, शाकाहारी, मांसाहारी सभी वन्यजीवों की गणना की जानी है। बताया कि अगले माह शुरू होने वाली गणना के लिए वनकर्मियों को वन सीमा के अंदर विशेष गणना पद्घति के तौर तरीके बताए गए। इस दौरान उन्हें पग मार्क, मल मूत्र, जानवरों की खरोंच, शिकार की स्थिति का आंकलन कर गणना किया जाना बताया गया। इस अवसर पर वार्डन प्रदीप कुमार, रेंज अधिकारी डीपी उनियाल, राकेश नेगी आदि मौजूद थे।