नारायणबगड़। उत्तरायणी सांस्कृतिक मेले के दूसरे दिन महिला मंगल दलों ने मेले में लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। मेले में शामिल भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने कहा कि मेलों ने आज हमारी लोक संस्कृति और परंपराओं की विश्व भर में पहचान दिलाई है। उन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने मेधावी छात्रा अंजलि और कामिनी को सम्मानित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी शाह को नारायणबगड़ गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया।
राजकीय इंटर कालेज मैदान में आयोजित तीन दिवसीय मेले के दूसरे दिन महिला मंगल दल मौणा ने भल लगदू भनूली..., आंगतोली की महिलाओं ने महिमा तेरी लंबी लटूली... पर आकर्षक लोक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। राजकीय इंटर कालेज सिमली के छात्र-छात्राओं ने म्यारा सदानि इनि दिनी रैना..., मुल मुल क्यांकू हसणि छै तू... आदि लोकगीत और नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। मंच पर लोक गायिका अंजलि और दिव्यांग गायक सुनील ने कई लोक गीतों की प्रस्तुति से दर्शकों को झुमाया। मेले में महिला मंगल दल कौब, तुनेड़ा, केवर और नारायणबगड़ गांव की महिलाओं ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। थराली के थानाध्यक्ष एसबी जोशी ने लोगों को साइबर क्राइम सहित कई कानूनी जानकारियां दीं। मुख्य अतिथि तीरथ सिंह रावत ने सामाजिक कार्यों के लिए जयवीर मनराल और हरि सिंह नेगी तथा दिनेश नेगी, विक्रम परिहार, केसी पांडे को व्यापारी सम्मान से सम्मानित भी किया। इस अवसर पर लोगों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों से जानकारियां भी लीं। इस मौके पर भाजपा के धर्म, संस्कृति एवं पर्यटन प्रकोष्ठ के संयोजक टीका प्रसाद मैखुरी, थराली विधायक एमएल शाह, प्रमुख राकेश जोशी समेत मेला समिति के पदाधिकारी और अन्य लोग मौजूद थे।