ब्रॉडबैंड सेवा ठप होने से ऑनलाइन कामकाज ठप
-- दोपहर से रात तक इंटरनेट नहीं चलने से उपभोक्ता रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। बीएसएनएल की इंटरनेट सेवा शुक्रवार को पूरी तरह से लड़खड़ा गई, जिससे सरकारी कार्यालयों और निजी प्रतिष्ठानों में इंटरनेट से जुड़ा कामकाज प्रभावित रहा। दोपहर बाद से लेकर रात तक ब्रॉडबैंड सेवा बाधित होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को दोपहर बाद से बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा ठप हो गई। इंटरनेट ठप होने से तहसील स्थित जनाधार केंद्र और अन्य कई महकमों के दफ्तरों में कर्मचारियों को दिक्कतों पेश आई। निजी प्रतिष्ठानों में साइबर कैफे आदि में इंटरनेट ठप होने से लोगों को परेशानी हुई।
दोपहर करीब 2 बजे से लेकर रातभर ब्रॉडबैंड सेवा के बाधित होने से सर्वाधिक दिक्कत बीएसएनएल पर निर्भर निजी प्रतिष्ठानों के संचालकों को हुई। उधर समस्या के बाबत निगम के उपखंड अधिकारी जीडी उनियाल ने बताया कि चंडीगढ़ और देहरादून के बीच लाइन में तकनीकी खराबी आने की वजह से ब्रॉडबैंड सेवा प्रभावित हुई है। बताया कि निगम के इंजीनियर समस्या के समाधान को जुटे हुए हैं। जल्द व्यवस्था सुुचारू होने की उम्मीद है।