सात खनन सामग्री भंडारण स्थलों में मिली खामियां
-- भंडारण स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति
-- एसडीएम ने अपर जिलाधिकारी को भेजी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। खनन सामग्री भंडारण की अनुमति लेकर निर्धारित मात्रा से अधिक खनन सामग्री भंडारण के खिलाफ राजस्व व अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान विभागीय टीम ने सात स्थानों पर निर्धारित मानकों का उल्लंघन होता पाया। टीम ने संबंधित पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट बनाकर अपर जिलाधिकारी को प्रेषित कर दी गई है। एसडीएम हर गिरि की अगुवाई में राजस्व विभाग की टीम ने तहसील क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया। एसडीएम ने बताया कि चेकिंग के दौरान ऋषिकेश, रानीपोखरी, रायवाला और हरिपुरकलां क्षेत्र में सात स्थानों पर भंडारण की अनुमति प्राप्त सात लोगों के भंडारण स्थल पर निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया गया। बताया कि कई स्थानों पर कांटा नहीं लगा मिला, इसके अलावा अन्य इंतजाम भी नदारद दिखे।
एसडीएम के मुताबिक संबंधित लोगों के खिलाफ जांच रिपोर्ट तैयार कर उसे कार्रवाई के लिए एडीएम को भेजा गया है। बताया कि भविष्य में भी अभियान को जारी रखा जाएगा। उधर, विभागीय कार्रवाई से क्षेत्र में खनन सामग्री भंडारण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। गौरतलब है कि अपर जिलाधिकारी ने तहसील मुख्यालय को एक सूची जारी कर खनिज भंडारण स्थलों की जांच के निर्देश दिए थे। जिस पर एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व और अन्य संबंधित अधिकारियों ने क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया।