मौन के ग्राम प्रधान पर वित्तीय अनियमितता का आरोप
-- ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
मुनिकीरेती । विकासखंड यमकेश्वर के अंतर्गत ग्राम सभा मौन जुड्डा के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी पौड़ी को ज्ञापन प्रेषित कर ग्राम प्रधान पर विभिन्न विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। समाजसेवी गोविंद प्रसाद की अगुवाई में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी पौड़ी सुशील कुमार को ज्ञापन भेजा, जिसमें उन्होंने बताया कि ग्राम सभा मौन जुड्डा के ग्राम प्रधान द्वारा अपने पद का दुरुपयोग कर आम जनता के हित में किए जाने वाले कार्यों में वित्तीय अनियमितताएं बरती गई हैं।
आरोप है कि ग्राम प्रधान व ठेकेदार द्वारा मौन की पेयजल योजना के मरम्मत में दो लाख की कार्ययोजना के तहत महज तीस से चालीस हजार रुपये खर्च कर विभाग को कार्यपूर्ति प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया। सूचना के अधिकार अधिनियम के अंतर्गत सूचना मांगी गई तो विभाग द्वारा संबंधित सूचना दिए जाने के विपरीत साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। आरोप है कि उन्होंने पद का दुरुपयोग करते हुए ग्राम मौन की गोचर भूमि का उपयोग पार्किंग के तौर पर किया गया, जिसके आय-व्यय का व्यौरा ग्राम सभा में प्रस्तुत नहीं किया गया।
‘मेरा गांव मेरी सड़क’ योजना के अंतर्गत ग्राम जुड्डा के लिए बनी सड़क को ग्रामीणों की सुविधा के तहत बनाने की बजाए गांव से काफी दूर अपने निजी आवास से जोड़ दिया गया। उन्होंने प्रशासन से तमाम योजनाओं की जांच व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मांग करने वालों में राजेंद्र प्रसाद, कृष्ण किशोर, प्रसन्नी देवी, अशोक कुमार, राकेश ग्वाड़ी, दमयंती देवी, कौशल्या देवी, राहुल प्रसाद, राजेंद्र, सुनील कुमार, सुमित्रा देवी, महेशानंद, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।
क्या कहते हैं ग्राम प्रधान
ग्रामीणों द्वारा लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। गोचर भूमि को पार्किंग बनाने की जहां तक बात है वह ग्राम सभा की भूमि है। उक्त भूमि का उपयोग पार्किंग के तौर पर इस्तेमाल किए जाने से अब तक ग्राम सभा को दो लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है। ‘मेरा गांव मेरी सड़क’ योजना में केंद्र सरकार से महज एक किमी. मार्ग निर्माण का बजट उपलब्ध कराया जाता है। सड़क विस्तारीकरण के लिए क्षेत्रीय विधायक को इसका प्रस्ताव भेजा गया है। इसके मंजूर होने पर गांव को सड़क संपर्क से जोड़ दिया जाएगा।
- सरोप सिंह भंडारी, ग्राम प्रधान मौन जुड्डा, यमकेश्वर।