कर्णप्रयाग। पूर्ति विभाग ने शुक्रवार को नगर मुख्यालय और सिमली कस्बे में घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने होटलों और ढाबों में व्यवसायिक की जगह घरेलू गैस के सिलेंडर प्रयोग करने पर 25 सिलेंडर जब्त किए। साथ ही दुकानदारों को भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी।
जिला पूर्ति अधिकारी इंद्रदेव नौटियाल के नेतृत्व में पांच पूर्ति निरीक्षकों की टीम ने शुक्रवार सुबह नगर के पोखरी पुल से छापेमारी की शुरुआत की। डीएसओ ने बताया कि कर्णप्रयाग के सभी बाजारों में संचालित अधिकतर चाय, होटल, ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडरों का प्रयोग हो जा रहा था। टीम ने नगर के कर्ण मंदिर परिसर, पेट्रोल पंप, उमा देवी चौक, गांधीनगर, प्रेमनगर, मुख्य बाजार, अपर बाजार सहित सिमली में होटलों और ढाबों की चेकिंग के दौरान 25 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। डीएसओ ने बताया कि जब्त सिलेंडरों पर डीएम की अध्यक्षता में अर्थदंड की व्यवस्था की जाएगी। दुकानदार की ओर से अर्थदंड भरे जाने के बाद सिलेंडर वापस किए जाएंगे। छापेमारी करने वाली टीम में पूर्ति निरीक्षक दिनेश कुमार, जयकृत बिष्ट, वीर विक्रम सिंह और शशि फर्स्वाण शामिल थीं।