गोपेश्वर। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति ने 33 उद्यमियों का चयन किया है। इन 33 उद्यमियों ने सिलाई-बुनाई, रेडीमेड गारमेंट्स, टेंट हाउस, हथकरघा-हस्तशिल्प, रेस्टोरेंट, आटा चक्की, ढाबा और फोटो स्टूडियो स्थापित करने के लिए आन लाइन आवेदन किया था।
बुधवार को जिला सभागार में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत उद्यमियों का चयन किया गया। बैठक में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक डा. एमएस सजवाण ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। योजना के तहत आवेदक को उद्यम की लागत का 5 प्रतिशत अंशदान जमा करना होता है, जबकि सरकार की ओर से शहरी क्षेत्रों में 25 प्रतिशत अनुदान तथा ग्रामीण क्षेत्र में 35 प्रतिशत अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाती है। इस दौरान जिले में जिला उद्योग मित्र समिति द्वारा हथकरघा और हस्तशिल्प में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों का भी चयन किया गया। हथकरघा वर्ग में रुक्मणी देवी प्रथम और पार्वती देवी को द्वितीय स्थान के लिए चयनित किया गया। हस्तशिल्प वर्ग में दर्शन लाल प्रथम एवं कालीन डिजाइन के लिए सुशीला देवी को द्वितीय स्थान के लिए चयनित किया गया। लघु उद्योग वर्ग में अर्चना डिमरी प्रथम एवं वीरेंद्र सिंह राणा को द्वितीय स्थान के लिए चयनित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मनोज भंडारी, डीडीओ आनंद सिंह, वीरेंद्र कुमार, डा. लोकेश कुमार आदि मौजूद थे।