अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
जिला प्रशासन ने जिले के प्रतिभावान निर्बल वर्ग के छात्रों के लिए नि:शुल्क कोचिंग देने की पहल की है। कोचिंग के जरिये जिला प्रशासन की ओर से चयनित मेधावियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां करवाई जाएंगी। कोचिंग में प्रवेश के लिए सैकड़ों छात्रों ने बुधवार को पन्नालाल भल्ला इंटर कालेज में प्रवेश परीक्षा दी।
जिला सेवायोजन अधिकारी उत्तम कुमार ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के जरिये साठ छात्रों को कोचिंग के लिए चयनित किया जाएगा। बुधववार को संपन्न हुई प्रवेश परीक्षा के लिए 139 आवेदकों ने पंजीकरण कराया था। वहीं 24 छात्र बिना आवेदन किए फोटो आईडी के साथ सीधे परीक्षा देने पहुंचे। इनमें से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 60 छात्रों का चयन नि:शुल्क कोचिंग के लिए किया जाएगा । परीक्षा के दौरान सीडीओ स्वाति एस भदौरिया स्वयं परीक्षा स्थल का दौरा करने पहुंची। उन्होंने कहा कि प्रवेश परीक्षा का परिणाम आते ही साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कोचिंग कक्षाएं पन्नालाल भल्ला इंटर कालेज में संचालित की जाएगी। सीडीओ ने कक्षाओं में आधुनिक तकनीकी के इस्तेमाल पर जोर देने की बात कही। कक्षाएं प्रारंभ होने पर जिले के प्रशासनित अधिकारी भी कक्षाएं लेंगे। जिले में तैनात आईएएस, आईपीएस, पीसीएस अधिकारी छात्रों को प्रेरक उद्बोधन व व्याख्यान देंगे। कोचिंग कक्षाओं में होने वाले व्याख्यानों को ऑनलाइन भी किया जाएगा। जिलाधिकारी दीपक रावत और सीडीओ स्वाति एस भदौरिया की इस पहल का छात्रों ने स्वागत किया है।