पौड़ी। विकास खंड कोट के सितोनस्यूं पट्टी में आयोजित मंसार मेले में भक्तों व श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। माता सीता की शीला ने भक्तों को धनधान्य का आशीर्वाद दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान लक्ष्मण मंदिर पहुंच कर पूजा अर्चना की।
सोमवार को सितोनस्यूं पट्टी के कोटसाड़ा गांव के ग्रामीण दूण कंडी लेकर आए। उनका फलस्वाड़ी गांव के ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। दूसरी ओर से देवल गांव के ग्रामीण ध्वजा व निसाण लेकर माता सीता के मंदिर परिसर पहुंचे, जहां समस्त ग्रामीणों ने खुदाई की। भूमि के गर्भ से माता सीता की शीला ने भक्तों को धनधान्य का आशीर्वाद दिया। भक्त माता को दूण कंडी में बाबुले (घास) की चोटी के सहारे लेकर आगे चलते हैं। बाबुले की चोटी को भक्त प्रसाद के रूप में लेकर जाते हैं। मेले के दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों के भक्तों व श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख कोट सुनील लिंगवाल, ज्येष्ठ प्रमुख कोट फते सिंह चौहान, कनिष्ठ प्रमुख संपत्ति देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मीनाक्षी देवी, नीलम देवी, ग्राम प्रधान फलस्वाड़ी दीपक कुमार, कोटसाड़ा रुचि लिंगवाल, कोट सुमेर सिंह व सुखदेव सिंह गुसाईं आदि मौजूद थे।