ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
नारी निकेतन में नए कक्ष बनाने के लिए अब नए सिरे से प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। शासन ने पुरानी संस्था का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। इसके बाद अब नई संस्था हंस फांउडेशन कक्ष के लिए डीपीआर तैयार कर रही है। बजट जारी होने के बाद ही लंबे समय से बन रही योजनाएं धरातल पर उतर पाएंगी।
उल्लेखनीय है कि नारी निकेतन में 135 संवासिनियां रह रहीं हैं। इसमें 117 मानसिक कमजोर और मूक बधिर तथा 20 साधारण संवासिनियां शामिल हैं। वहीं, निकेतन में दो ही कमरे हैं, जिस कारण संवासिनियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समस्या के समाधान के लिए सितंबर माह में समाज कल्याण निदेशन योगेंद्र यादव ने नारी निकेतन में तीन और कमरे बनाने के लिए 25 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। उम्मीद की जा रही थी कि शासन से जल्द ही बजट जारी होगा। लेकिन, शासन ने प्रस्ताव ठुकरा दिया। अब नई संस्था को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही नए सिरे से डीपीआर तैयार की जा रही है।