ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच मंगलवार को होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले में काफी कम संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसा कम टिकटों की बिक्री के कारण माना जा रहा है। हालांकि आयोजकों को भीड़ उमड़ने की पूरी उम्मीद है।
बता दें, रायपुर राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच अंतरराष्ट्रीय तीन दिवसीय टी-20 मुकाबले चल रहे हैं। रविवार को हुए पहले मुकाबले में रिकार्ड दर्शक (करीब 22 हजार) उमड़े थे। इसकी एक वजह छुट्टी का दिन (रविवार) भी रहा। पहले मुकाबले के दौरान दून शहर का उत्साह देखकर शेष दो मैचों (5 व 7 जून) को भी दर्शकों के उमड़ने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन सोमवार को स्टेडियम के काउंटर पर सन्नाटा रहने ने उम्मीदों से झटका लग सकता है। आईएलएफएस के उपाध्यक्ष शशिधर के अनुसार दूसरे मैच के लिए सोमवार तक करीब पांच हजार टिकट ही बिके हैं। हालांकि उन्होंने मंगलवार को काफी संख्या में टिकटों की बिक्री की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि अंतिम मुकाबले के दिन (7 जून) को भी भीड़ होने की संभावना है।