थराली। बाल विकास विभाग और गोपीनाथ कला मंच गोपेश्वर की टीम ने शनिवार को देवाल तथा थराली के 20 गांवों में नुक्कड़ नाटक और गोष्ठियों के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाया।
तहसील के उलंग्रा, ल्वाणी, बगड़ीगाड़, कोटेड़ा, कूनी, पार्था, डुंग्री, कुराड़, हरि नगर लेटाल, ढुंगाखोली, बैनोली व थराली आदि गांवों में कलाकारों ने बेटी तैं जन्म किले दे मांजी, बेटा बेटी मां यू भेद किलै च..गीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया। इस दौरान आयोजित गोष्ठियों में सरकार की ओर से कन्याओं को दी जाने वाली सुविधाओं, दहेज और कन्या भ्रूण हत्या के अपराधों में कानून की ओर से दी जाने वाली सजाओं के बारे में जानकारियों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम प्रभारी मुकेश रतूड़ी ने बताया कि पूरे जनपद में इन जागरूकता कार्यक्रमों को संचालित करने का लक्ष्य है। इस मौके पर प्रकाश चंद्र दिग्पाल भारती, निशा व दिनेश रतूड़ी आदि कलाकार मौजूद थे।