ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
मानकों के विपरीत स्कूली बसों और अन्य वाहनों के संचालन के खिलाफ संभागीय परिवहन विभाग का अभियान दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। कार्रवाई के डर से कई वाहन चालक बच्चों को स्कूलों से पहले ही छोड़कर चले गए। बच्चों को पैदल ही स्कूल पहुंचना पड़ा। उधर, कई स्कूली वाहन सीज होने की वजह से परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा, वे अपने बच्चों को खुद ही स्कूल लेकर पहुंचे। कार्रवाई के दौरान विभिन्न मदों में 79 वाहनों का चालान और 10 वाहनों को सीज किया गया।
एआरटीओ प्रशासन अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि दो दिन के अभियान में अब तक 159 वाहनों का चालान किया गया है, जबकि 20 गाड़ियों को सीज किया गया है। दो दर्जन से अधिक चालकों के लाइसेंस जब्त लिए गए। आरटीओ सुधांशु गर्ग ने बताया कि विशेष जांच अभियान शनिवार को भी जारी रहेगा। कहा कि मानकों के विपरीत संचालित की जा रहे स्कूली वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्कूली बच्चों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। बताया कि स्कूली बसों में फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन उपकरण लगाने के निर्देश दिए हैं। अभियान में एआरटीओ प्रशासन अरविंद कुमार पांडे, एआरटीओ मुख्यालय प्रवर्तन रश्मि पंत, परिवहन अधिकारी रत्नाकर सिंह, परिवहन कर अधिकारी श्वेता रौथाण आदि शामिल रहे।