ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
सीबीआई के स्थापना दिवस पर दिए जाने वाले सीबीआई-डे अवॉर्ड के लिए उत्तराखंड के दो कर्मियों का चयन किया गया है। पौड़ी निवासी सीबीआई इंस्पेक्टर तेज प्रकाश देवरानी को उत्कृष्ट विवेचना के लिए सम्मानित किया जाएगा, वहीं सतीश कुमार को लोक अभियोजक पुरस्कार मिलेगा।
मूल रूप से देवराना गांव, यमकेश्वर, पौड़ी निवासी इंस्पेक्टर तेज प्रकाश देवरानी को वर्ष 2013 में भी उत्कृष्ट विवेचना के लिए यह पुरस्कार मिल चुका है। चार वर्ष के अंतराल के बाद दोबारा उन्हें पुरस्कार के लिए चुना गया है। पुरस्कार के लिए पूरे देश से नौ विवेचकों को चुना गया है। तीन उत्कृष्ट विवेचकों को निदेशक की ओर से प्रशस्ति पत्र और 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। जबकि, छह अन्य को प्रशस्ति पत्र और पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
तेज प्रताप उत्कृष्ट तीन में शामिल हैं। साकेत कॉलोनी, अजबपुर कलां में रहने वाले देवरानी को 2016 में राष्ट्रपति ने इंडियन पुलिस मेडल से भी सम्मानित किया था। वह 2013 से सीबीआई की देहरादून ब्रांच में कार्यरत हैं। सीबीआई ने 2013 में स्थापना दिवस के अवसर पर यह पुरस्कार शुरू किए गए थे। एक बार पुरस्कार पाने वाले को अगले चार वर्ष तक पुरस्कार नहीं दिया जाता है।