डॉक्टरों पर एक साल तक लागू नहीं होगा तबादला एक्ट
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ से जुड़े डॉक्टरों पर एक साल तक तबादला एक्ट लागू प्रभावी नहीं होगा। इस बार चार धाम यात्रा ड्यूटी में डॉक्टरों के लिए रहने और खाने की व्यवस्था की जाएगी। मंगलवार को संघ का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिला। सीएम ने उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री आवास पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात कर उन्हें लंबित मांगों से अवगत कराया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में डॉक्टरों की कमी है। ऐसे में डाक्टरों पर तबादला एक्ट लागू न किया जाए। डीएसीपी (डायनमिक एश्योर्ड कैरियर प्रोग्रेशन) की शर्तों को हटाकर डॉक्टरों को समयबद्ध प्रमोशन का लाभ दिया जाए। इसके अलावा यात्रा ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों के रहने, खाने की उचित व्यवस्था की जाए। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने तबादला एक्ट को एक साल तक डॉक्टरों पर लागू न किए जाने का आश्वासन दिया है। एक साल बाद इस पर विचार किया जाएगा।
इसके अलावा यात्रा ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों के रहने और खाने की सुविधाओं को लेकर संबंधित जनपदों के जिलाधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा। डीएसीपी की शर्तों को भी हटाया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने एनपीपी नॉन प्रैक्टिस पे को केंद्र के समान दिए जाने का भी आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री से मिलने वालों में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. डीपी जोशी, प्रदेश सचिव डॉ. दिनेश चौहान, प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. आनंद शुक्ला, स्वास्थ्य सचिव नितेश झा, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. अर्चना श्रीवास्तव, डॉ. मेघना असवाल, डॉ. चारु बहुगुणा आदि शामिल रहे।
कोट :
संघ का प्रतिनिधिमंडल लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मिला। उन्होंने मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है। अब दस अप्रैल से प्रस्तावित हड़ताल को लेकर जल्द ही कोर कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी। जो इस मसले पर निर्णय लेगी।
- डॉ. दिनेश चौहान, प्रांतीय सचिव प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ