अब बुजुर्गों के लिए ‘सम्मान’ का सफर
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
महिलाओं को सुखद सफर कराने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने नई पहल बुजुर्गों के सम्मान से शुरू की है। इसके तहत शहर में बुजुर्गों और दिव्यांगों को बुधवार को निशुल्क वाहनों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। उन्होंने भी मुफ्त वाहनों की सुविधा से शहर में अपने गंतव्य तक का सफर तय किया।
यातायात निदेशालय ने बुजुर्गों को सम्मानजनक और आरामदायक यात्रा कराने के लिए ‘सम्मान’ योजना की शुरुआत की है। इसके लिए बुधवार को पहली बार बुजुर्गों और दिव्यांगों ने शहर में वाहनों से निशुल्क सफर किया। ट्रैफिक पुलिस की ओर से शहर में अलग-अलग रेलवे स्टेशन, ग्रेट वेल्यू, शिवलोक कॉलोनी, फव्वारा चौक, दिलाराम चौक आदि स्थानों से बुजुर्ग और दिव्यांग बैठे। सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलवाए गए इन वाहनों का लाभ 367 वरिष्ठ नागरिकों ने लिया। जिसमें 215 पुरुष, 152 महिलाएं और 17 दिव्यांग शामिल रहे।
भरवाए गए फीडबैक फार्म
बुजुर्गों को दी गई इस निशुल्क सुविधा के दौरान पुलिस ने उनसे फीडबैक फार्म भी भरवाए। जिसमें उनका नाम, मोबाइल नंबर, पता और व्यवसाय के साथ ही उनके अनुभवों के बारे में भी पूछा गया। बुजुर्ग बोले कि यह उनकी सुरक्षा की दृष्टि से काफी सराहनीय कार्य है।