ब्यूरो/अमर उजाला /देहरादून।
प्रदेशभर में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद मंगलवार को राजधानी दून में भी ठंड बढ़ गई। राजधानी में चार घंटे में 6.7 मिमी बारिश हुई। इसके चलते दोपहर के मुकाबले शाम तक तापमान में सात डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राजधानी सहित प्रदेशभर में ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को राजधानी में दोपहर करीब दो बजे के करीब बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। शहर में करीब चार घंटे बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के बीच राजधानी का पारा करीब सात डिग्री गिर गया। इससे ठंढ बढ़ी और बाजारों में जल्दी ही सन्नाटा पसर गया। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार को प्रदेशभर में बादल छाए रहेेंगे। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं कहीं हल्की बारिश के साथ ही बर्फबारी हो सकती है। तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर भी बर्फ पड़ने की संभावना है। राजधानी में भी बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है।
दिनभर के तापमान पर एक नजर
सुबह 2:30 बजे 8.4 डिग्री सेल्सियस
सुबह 5:30 7.8
सुबह 8:30 8.4
सुबह 11:30 19.4
दोपहर 2:30 14.8
शाम 5:30 11.8