ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
उत्तर प्रदेश की टीम को शिकस्त देकर मेजबान उत्तराखंड ने ऑल इंडिया उत्तराखंड टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया। ताबड़तोड़ अर्द्धशतकीय पारी खेलने वाले उत्तराखंड के कप्तान विजय बंटू को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
उत्तराखंड की टीम ने मंगलवार को कुआंवाला में प्रतियोगिता के फाइनल में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 155 रन बनाए। कप्तान विजय बंटू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 89 रनों की पारी खेली। उत्तर प्रदेश के उमर ने चार विकेट चटकाए। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम शुरुआती झटकों से नहीं उबर सकी और 20 ओवर में 132 रन ही बना सकी। यूपी के लिए राहुल के 34 रनों की पारी खेली। धनराज, आशीष और नवीन ने दो-दो विकेट लिए। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. एस फारुक, दीपक राजपूत समेत अन्य मौजूद रहे।