अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में रुड़की और 40 वीं पीएसी वाहिनी ने अपने-अपने मैच जीत लिए। प्रतियोगिता का समापन शनिवार को होगा।
जिला खेल कार्यालय की ओर से तीन दिवसीय 16 वर्षीय बालक वर्ग की जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ स्पोर्ट्स स्टेडियम रोशनाबाद में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तराखंड क्रिकेट फाउंडेशन के डायरेक्टर कैप्टन जावेद नदीम ने किया। इसके बाद हुए मैच में रुड़की ने नारसन को 3-0 से हराया। दूसरे मैच में पीएसी 40वी वाहिनी ने खानपुर को 3-1 से परास्त किया। तीसरे मैच में सेक्टर 4 भेल ने भगवानपुर को 3-0 से हराया। मैचों के मुख्य निर्णायक वीजेएस थापा, शिवम त्यागी, अनुपम शर्मा, सौरव कुमार, विक्रम सिंह, अनुज धीमान आदि रहे। प्रतियोगिता के शेष मैच शुक्रवार को खेले जाएंगे। वहीं दूसरी ओर स्पेशल कंपोनेट प्लान के अंतर्गत 17 वर्षीय अनुसूचित जाति के बालक वर्ग का फुटबाल खेल एवं 17 वर्षीय बालिकाओं का हाकी खेल में 7 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम रोशनाबाद में प्रारंभ कराया गया। जिसका शुभारंभ जिला युवा कल्याण अधिकारी रमेशचंद ने किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी एसके डोभाल ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को खेल की तकनीकी एवं कौशल आदि का अभ्यास एवं जानकारी दी जाएगी।
------------------