श्रीनगर। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही पुलिस अब बेरोजगार युवाओं को रोजगार के लिए प्रशिक्षित करने में सहयोग करेगी। प्रधानमंत्री कौशल योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस प्रशिक्षण के लिए बेरोजगार युवाओं का चयन करेगी। साथ ही प्रशिक्षण के लिए स्थान भी उपलब्ध कराएगी।
बृहस्पतिवार को एसएसपी पौड़ी जगतराम जोशी ने श्रीनगर क्षेत्र के आस-पास के गांवों के ग्राम प्रधान, पालिका के सभासद व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। एसएसपी जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री कौशल योजना के तहत रोजगारपरक विभिन्न पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण बेरोजगार युवाओं को दिया जाना है। जोशी ने बताया कि योजना में पुलिस को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत पुलिस ग्रामीण व शहर क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को चिह्न्ति कर सूची तैयार करेगी। इन युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता व रुचि के अनुसार प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आवंटित किया जाएगा। बेरोजगार युवाओं का चयन पुलिस ग्राम प्रधानों व पालिका सभासदों के सहयोग करेगी। साथ ही प्रशिक्षण के लिए स्थान का भी चयन करेगी। चयनित युवाओं की सूची मुख्यालय को भेजी जाएगी, जिसके बाद प्रशिक्षण एजेंसी शहर में पहुंचकर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करेगी।
इन पाठ्यक्रमों में दिया जाएगा प्रशिक्षण
प्रधानमंत्री कौशल योजना के तहत कंप्यूटर डाटा आपरेटर, आतिथ्य सत्कार, टूरिस्ट गाइड, ऑटोमोबाइल ड्राइविंग कोर्स, मोबाइल रिपेयर कोर्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पौड़ी जनपद में दो शहरों में होगा प्रशिक्षण
प्रधानमंत्री कौशल योजना के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए पौड़ी जनपद में श्रीनगर व कोटद्वार शहर का चयन किया गया है।