श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि वरिष्ठ प्रोफेसर एबी भट्ट को विश्वविद्यालय का कुलपति बनाया गया है। एमएचआरडी ने इस संबंध में विवि प्रशासन को मेल भेजकर निर्देश दिया था। हालांकि प्रो. भट्ट तीन माह तक ही कुलपति रहेंगे। वे 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. जेएल कौल को केंद्र सरकार द्वारा पद से हटाए जाने के बाद विवि में कुलपति के दायित्व को लेकर असमंजस बना हुआ था। विवि में प्रतिकुलपति के तौर पर प्रो. डीएस नेगी कार्यरत हैं। प्रो. नेगी ने 30 दिसंबर को कार्यालय आदेश जारी कर कुलपति का चार्ज लेने की सूचना विवि प्रशासन सहित एमएचआरडी (मानव संसाधन विकास मंत्रालय) को भेज दी थी। इसी बीच मंगलवार को एमएचआरडी ने विवि प्रशासन को मेल भेजकर वरिष्ठ प्रोफेसर को कुलपति का दायित्व दिए जाने के लिए निर्देशित किया। प्रभारी कुलसचिव एचएम अरोड़ा ने बुधवार देर शाम इस संबंध में कार्यालयी आदेश जारी करते हुए कहा कि बिड़ला परिसर के वनस्पति विज्ञान में तैनात प्रो. एबी भट्ट वरिष्ठतम प्रोफेसर होने के नाते कुलपति का दायित्व संभालेंगे।
प्रो. भट्ट 18 मार्च 1973 को गढ़वाल विवि में वनस्पति विज्ञान विभाग में प्रवक्ता के पद पर नियुक्त हुए थे। उन्होंने वर्ष 1969 में बिड़ला परिसर से स्नातक और नैनीताल से एमएससी की है। कुलपति प्रो. एबी भट्ट ने कहा कि उनका विशेष फोकस परीक्षा व शोध कार्य पर रहेगा। प्रतिकुलपति प्रो. डीएस नेगी, डीएसडब्ल्यू प्रो. जेपी पचौरी, मुख्य नियंता प्रो. एचबीएस चौहान, शिक्षणेतर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी, सुनील रावत, मनोज रतूड़ी ने प्रो. भट्ट को बधाई दी।
सौम्य स्वभाव के लिए जाने जाते हैं प्रो. भट्ट
श्रीनगर। नवनियुक्त कुलपति प्रो. एबी भट्ट पूरे गढ़वाल विवि में अपने सौम्य व सरल स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। बुधवार देर शाम प्रो. भट्ट कुलपति का कार्यभार ग्रहण करने पैदल ही प्रशासनिक भवन पहुंचे थे।