जोशीमठ। क्षेत्र पंचायत जोशीमठ की त्रैमासिक बैठक का पंचायत प्रतिनिधियों ने बहिष्कार किया। सदन में जनप्रतिनिधियों ने गैरसैंण के एक विद्यालय में पढ़ रही जोशीमठ की छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और बैठक छोड़कर बाहर आ गए। बैठक में जिम्मेदार अधिकारियों के न होने पर भी ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने आक्रोश जताया।
बुधवार सुबह ग्यारह बजे ब्लाक सभागार में ब्लॉक प्रमुख प्रकाश रावत की अध्यक्षता में बैठक शुरू हुई। शुरुआत में ही क्षेत्र पंचायत सदस्य संग्राम सिंह ने पैनखंडा की बेटी को न्याय दिलाने की मांग उठाई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में अभी तक हुई कार्रवाई के बारे में पूछना चाहा, लेकिन बैठक में पुलिस की ओर से कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। इस पर सभी जनप्रतिनिधि उठकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर सदन से बाहर आ गए। प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह नेगी ने कहा कि आरोपी प्रधानाचार्य को सरकार की ओर से बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे सरकार की छवि भी खराब हो रही है। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि राकेश भंडारी, गुड्डू लाल, हेमा देवी, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, शिव सिंह थपलियाल, हरीश परमार, विद्या देवी, रणजीत लाल, उमा देवी और राजमती देवी सहित कई पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे।