पोखरी। ग्राम पंचायत थाला के ज्वालामुखी खेल मैदान में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को ब्राह्मण थाला की बी टीम ने अपने ही गांव की ए टीम को तीन विकेट से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
थाला की ए टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। निर्धारित पंद्रह ओवर में टीम ने 84 रन जोड़े। थाला की बी टीम ने पंद्रह ओवर में आठ विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। 31 रन और तीन विकेट लेने पर चंद्रकांत को मैन ऑफ द मैच दिया गया।
व्यापार संघ गोपेश्वर, गांधीनगर एकादश अगले दौर में
गोपेश्वर। गंगोलगांव में चल रहे पत्रकार स्वर्गीय सूर्यकांत पुरी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को दो मैच खेले गए, जिसमें व्यापार संघ गोपेश्वर और गांधीनगर एकादश ने अपने-अपने मैच जीत कर अगले दौर में प्रवेश किया।
पहला मैच व्यापार संघ गोपेश्वर और हरियाली एकादश के बीच खेला गया। हरियाली एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर 15 ओवर में 73 रन बनाए। व्यापार संघ की टीम ने दो विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। दूसरा मैच गांधीनगर और नेल-कुड़ाऊ एकादश के बीच खेला गया, जिसमें गांधीनगर की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। नेल-कुड़ाऊ की टीम ने 15 ओवर में 75 रन बनाए, जबकि गांधीनगर की टीम ने 13 ओवर में ही आठ विकेट खोकर मैच कब्जा लिया। इस मौके पर क्रिकेट मैच के आयोजक गजेंद्र सिंह रावत और धीरेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद थे।