कर्णप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे पर चटवापीपल के पास हुई स्कूटी दुर्घटना में लापता जीआईसी कनखुल का 12वीं का छात्र सौरभ है। सौरभ मौसी को लेने गौचर जा रहा था, लेकिन मौसी के कर्णप्रयाग पहुंचने पर सौरभ चटवापीपल में उतरा और स्कूटी से लिफ्ट लेकर कर्णप्रयाग आ रहा था। महज दो सौ मीटर दूरी पर स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सौरभ लापता हो गया। देर शाम तक भी सौरभ का कुछ पता नहीं लग पाया था।
ब्लाक के कनखुल मल्ला गांव निवासी दान सिंह का बड़ा बेटा सौरभ जीआईसी कनखुल में 12वीं का छात्र है। बुधवार को सौरभ बाइक से कर्णप्रयाग आया। कनखुल के प्रधान भगवान कंडवाल ने बताया कि सौरभ को मौसी को लेने गौचर जाना था। इस कारण सौरभ ने अपनी बाइक दोस्तों को दे दी और टैक्सी से गौचर रवाना हुआ। सौरभ को दोस्तों का फोन आया कि मौसी कर्णप्रयाग पहुंच गई है। तब सौरभ चटवापीपल में टैक्सी से उतर गया। अंदेशा जताया जा रहा है कि इस दौरान सौरभ ने गौचर से कर्णप्रयाग की ओर आते हुए स्कूटी सवार अनुसूया से लिफ्ट ली होगी, जो दो सौ मीटर दूर जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना पर सौरभ के पिता दान सिंह, कनखुल के प्रधान भगवान कंडवाल, पुष्कर सिंह रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष महिपाल नेगी, यदुवीर बिष्ट, प्रदीप भंडारी, ग्वाड़ के प्रधान रणवीर कंडवाल सहित प्रशासन, पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने देर शाम तक उसकी खोज की लेकिन पता नहीं लग पाया।