गौचर। खेल मैदान में न्यू स्टार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी शाह ने किया। उद्घाटन मुकाबला न्यू स्टार क्रिकेट एसोसिएशन (एनएससीए) और 66 आरसीसी बीआरओ के बीच खेला गया, जिसमें एनएससीए की टीम ने जीत हासिल की।
प्रतियोगिता के पहले दिन टॉस जीतकर बीआरओ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बीआरओ की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 97 रन बनाए। टीम से बीआरओ के कमान अधिकारी गौरव कुमार ने सबसे अधिक 30 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनएससीए की टीम ने तीन विकेट शेष रहते जीत हासिल कर ली। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष जयकृत बिष्ट, भगवती प्रसाद खंडूड़ी, गजेंद्र नयाल, महाराज लिंगवाल, नवीन टाकुली और आशीष लिंगवाल आदि मौजूद थे।