अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
रिश्ता तय होने के बाद भी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे प्रेमी को रंगे हाथ पकड़कर परिजनों ने जमकर धुनाई कर दी। प्रेमिका के सामने जब प्रेमी का रिश्ता तय होने की हकीकत सामने आई तो वह भी हक्की- बक्की रह गई। बिरादरी की पंचायत में अब प्रेमी युगल के निकाह की बात पर मंथन चल रहा है।
मामला कनखल के गांव जमालपुर कलां का है। गांव जमालपुर के रहने वाले एक परिवार ने देर रात उनके घर में घुसे एक युवक को चोर समझकर पकड़ लिया। जब हकीकत सामने आई तो वे भौंचक्के रह गए। पता चला कि उनकी पुत्री का प्रेम प्रसंग लंबे समय से इस युवक से चल रहा है। युवती के परिजन तुरंत युवक को पकड़कर थाने ले आए। इधर युवती के परिजनों की सूचना पर युवक के परिजन भी आ पहुंचे। जब युवक के परिजनों ने मुंह खोला तब युवती के परिजन की भौंहे तन गई। बताया कि युवक का रिश्ता छुटमलपुर सहारनपुर में तय हो रखा है। ये सुनकर प्रेमिका भी हैरान रह गई।
फिलहाल प्रेमी पुलिस की हिरासत में ही है। इधर दोनों पक्ष के बीच निकाह को लेकर पंचायत का दौर चल रहा है। थानाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया कि युवक गांव गाडोवाली पथरी का रहने वाला है और पेशे से टाइल्स पत्थर लगाने का काम करता है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।