पोखरी/गोपेश्वर। ग्राम पंचायत थाला के ज्वालामुखी खेल मैदान में सोमवार से क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हो गया। भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष डा. मातबर सिंह ने टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में क्रिकेट क्लब कंसारी ने किणजाणी एकादश को एक विकेट से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वह पत्रकार स्वर्गीय सूर्यकांत पुरी मेमोरियल टूर्नामेंट में क्रिकेट क्लब कुजाऊं की टीम जीती।
टूूर्नामेंट में किणजाणी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित पंद्रह ओवर में टीम ने 71 रन जोड़े। कंसारी की टीम ने लक्ष्य को 13 ओवर में ही पूरा कर लिया। टीम ने एक विकेट से मैच जीत लिया। कंसारी की ओर से तीन विकेट चटकाने वाले खिलाड़ी अक्षय को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस मौके पर टूर्नामेंट के अध्यक्ष विजय प्रसाद थपलियाल, चंद्रकांत, महादेव भट्ट, दिनेश थपलियाल, अमरीश थपलियाल, वासुदेव प्रसाद, शांति प्रसाद और हेमंत आदि मौजूद थे। वहीं, पत्रकार स्वर्गीय सूर्यकांत पुरी मेमोरियल टूर्नामेंट में क्रिकेट क्लब कुजाऊं और खल्ला एकादश के बीच मुकाबला हुआ। कुजाऊं की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। 15 ओवर में टीम ने 113 रन बनाए। खल्ला की टीम के खिलाड़ी इस आसान लक्ष्य को भी हासिल नहीं कर पाए और मात्र 70 रन पर टीम ऑल आउट हो गई। मैच का शुभारंभ विनोद जोशी ने किया। इस मौके पर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष लोकेंद्र रावत, राहुल बिष्ट, कमल रावत, मोहन सिंह, बचन सिंह बिष्ट, भरत रावत और किशन सिंह आदि मौजूद थे।