नववर्ष पर हुड़दंग मचाने वालों की खैर नहीं
-- पुलिस ने चेकिंग और सुरक्षा के किए अतिरिक्त इंतजाम
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। नववर्ष पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। इसके लिए शहर की सरहद और भीतर चेकिंग व सुरक्षा के अतिरिक्त बंदोबस्त किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए भी पुलिस ने नगर की सड़कों पर जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। कोतवाल प्रवीण चंद कोश्यारी के मुताबिक शहर की सीमा पर वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है। दून रोड स्थित नटराज चौक और त्रिवेणीघाट चौक पर दो विशेष चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। इसके अलावा श्यामपुर और मुनिकीरेती सीमा पर भी पुलिस टीम वाहनों की चैकिंग करने में लगी है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों, संयुक्त यात्रा बस अड्डे व गंगाघाटों पर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। बताया कि यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए शहर की सड़कों व चौक-चौराहों आदि स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। शहर में संदिग्धों पर भी लगातार नजर बनाए हुए है। कोतवाल ने बताया कि नववर्ष के जश्न में सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बक्शा जाएगा। पकड़ में आने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की है। साथ ही लोगों से व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करने को कहा।