श्रीनगर। एचएनबी केंद्रीय गढ़वाल विवि परीक्षाओं की तिथि आगे खिसकाने के मूड में नहीं है। विवि तय कार्यक्रम के अनुसार ही परीक्षाएं संपन्न कराएगा। विवि का मानना है कि कुछ महाविद्यालयों की मांग पर परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने से परीक्षाएं रिशेड्यूल करनी पड़ेगी। इससे ऐसे महाविद्यालय प्रभावित होंगे जो डेट शीट के अनुसार परीक्षा करवाने को तैयार हैं। परीक्षाएं आगे बढ़ाने से कई महाविद्यालयों के शीतकालीन अवकाश भी प्रभावित होेंगे।
विवि में 15 दिसंबर से परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। यह परीक्षा 27 जनवरी तक चलेंगी। वर्तमान में एमए और बीकॉम की परीक्षाएं निपट चुकी हैं। जबकि बीएससी की सेमेस्टर व प्रोफेशनल कोर्सेज की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। देहरादून के कुछ संस्थानों ने शीतकालीन अवकाश को देखते हुए विवि को पत्र भेजकर एक से 15 जनवरी तक की परीक्षाएं टालने का अनुरोध किया था। उनका तर्क है कि परीक्षाओं का अंतराल अधिक होने से शिक्षक शीतकालीन अवकाश का उपभोग नहीं कर पा रहे हैं।
विवि का मानना है कि परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने से ऐसे महाविद्यालयों के छात्र प्रभावित हो जाएंगे, जो तय समय पर परीक्षा चाहते हैं। सीबीसीएस प्रणाली की जटिलता और सेमेस्टर को समय पर पुर्रा कराने की भी दिक्कत है। पेपरों की संख्या भी काफी अधिक है।
परीक्षा कार्यक्रम परीक्षा शुरू होने से 15-20 दिन पहले तय हो गया था। तब परीक्षा तिथि आगे खिसकाने का विचार हो सकता था। परीक्षाओं के बीच में तिथि परिवर्तन संभव नहीं है। तय समय पर ही परीक्षाएं होंगी।- डा. एसएस नेगी, परीक्षा नियंत्रक, गढ़वाल विवि श्रीनगर