गोपेश्वर। चारधाम ऑलवेदर रोड परियोजना के लिए चमोली जिले में नंदप्रयाग (417 किलोमीटर) से लेकर हेलंग (468 किमी) तक निजी भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा हो गया है। इस काम में तहसील प्रशासन चमोली, बीआरओ और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी लगे हुए थे। पहले चरण में नंदप्रयाग से हेलंग तक 2.739 हेक्टेयर निजी भूमि का अधिग्रहण किया गया है। अब भूमिधरों को मुआवजा दिया जाएगा।
बदरीनाथ हाईवे पर नगरासू, कमेड़ा, गौचर, चटवापीपल, कर्णप्रयाग, कालेश्वर, लंगासू, बैडाणू, भकुंडा, सोनला, नंदप्रयाग, पुरसाड़ी, मैठाणा, चमोली, भीमतला, छिनका, बिरही, कोड़िया, मायापुर, गडोरा, पीपलकोटी, पाखी, टंगड़ी, लंगसी और हेलंग बाजार आते हैं। नंदप्रयाग से हेलंग तक 51 किमी बदरीनाथ हाईवे पर कई जगहों पर कस्बा क्षेत्र भी परियोजना की जद में आ रहा है। चमोली बाजार को परियोजना से अधिक नुकसान हो रहा है। लंगासू, बैडाणू, भकुंडा, सोनला, नंदप्रयाग, भीमतला और छिनका में हाईवे पर एनएचएआई की ओर से 12 से 20 मीटर तक भूमि का अधिग्रहण किया गया है। नगर पालिका गोपेश्वर-चमोली के अध्यक्ष संदीप रावत का कहना है कि परियोजना का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सरकार प्रभावित क्षेत्रों के सामाजिक, आर्थिक, रोजगार और स्थानीय समस्याओं का निदान करना चाहिए।