कर्णप्रयाग। ऑल वेदर रोड से प्रभावित होने वाले नगर पालिका क्षेत्र के गांधीनगर, प्रेमनगर और बहुगुणानगर सहित आसपास के इलाके के लोगों ने कर्णप्रयाग नगर में बाईपास निर्माण की मांग की। विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी से मिले लोगों ने कहा यदि नगर में जबरन तोड़-फोड़ की जाती है तो प्रभावित लामबंद होकर जनांदोलन करेंगे। साथ ही अप्रैल माह में होने वाले निकाय चुनावों का बहिष्कार जैसे फैसले लेने को भी बाध्य होना पड़ेगा।
कहा कि बदरीनाथ हाईवे के दोनो ओर बसे गांधीनगर, प्रेमनगर, बहुगुणानगर पहाड़ी के साथ ही नदी साइड से भी भूस्खलन जोन में है। पहाड़ी से जहां लगातार बरसात में भूस्खलन होता है, वहीं पिंडर नदी से लगातार भू-धंसाव बना है। ऐसे में यहां सड़क चौड़ीकरण से खतरा हो सकता है। यही नहीं ऑल वेदर रोड के तहत कई लोग पूर्ण रूप से बेघर भी हो रहे हैं। ऐसे में लोगों ने नगर में बाईपास निर्माण कर समस्या से निजात दिलाने की मांग की। इस पर विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने प्रभावितों की मांग शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। वार्ता करने वालों में मुकेश डिमरी, ईश्वरी मैखुरी, दिनेेश मैखुरी, आनंद सिंह नेगी, सोहन मुनियाल, पूरण सिंह, मोहन सैलानी, गुड्डी देवी, शिशुपाल लाल, रघुवीर घुनियाल और जगदीश घुनियाल आदि मौजूद थे।