कर्णप्रयाग। चमोली जिले की जिलासू तहसील मुख्यालय पर वरिष्ठ नागरिक संगठन ने अपना पहला स्थापना दिवस रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया। कार्यक्रम में शामिल हुए हंस कल्चरल ने क्षेत्र के नौ गरीब परिवारों को कंबल और अन्य सामग्री बांटी। साथ ही भविष्य में सामाजिक कार्यों को बढ़ाने की बात कही।
समारोह में हंस कल्चरल के प्रभारी पदमेंद्र बिष्ट ने कहा कि संस्था गरीबों, बीमार और लाचार लोगों की मदद के लिए कई वर्षों से काम कर रही है। उन्होंने क्षेत्र में वृहद शिविर लगाकर गरीबों की सेवा करने की बात कही। शिविर में हंस कल्चरल के प्रभारी पदमेंद्र बिष्ट ने ग्राम पंचायत पैणी की कबूतरा देवी, कांडई की पार्वती देवी, गिरसा की देेवेश्वरी देवी, जिलासू की लीला देवी, झिलोठी की ताजन बेगम, सरणा के उमराव सिंह, क्वींठी की रेखा देवी को कंबल बांटे। बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने वरिष्ठ नागरिक संगठन के काम को सराहा।
संगठन के संरक्षक एसएस बडियारी, अध्यक्ष एसएस बिष्ट, कोषाध्यक्ष एमएस राणा आदि ने पदमेंद्र बिष्ट और महेंद्र भट्ट को बदरी-केदार की तस्वीर देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में हिमालयन पब्लिक स्कूल, जूनियर हाईस्कूल झिलोठी की छात्राओं ने सरस्वती वंदना सहित अन्य रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य गजपाल बर्तवाल, भागीरथी कुंजवाल, लंगासू के व्यापार संघ अध्यक्ष कैलाश खंडूड़ी, बीपी डिमरी, सुरेश डिमरी, उमेद सिंह कठैत, अनूप चौहान, दिलबर बर्तवाल और वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।