अमर उजाला ब्यूरो
धनौरी।
पंतनगर विश्वविद्यालय ने धनौरी क्षेत्र के जस्सावाला गांव को ‘स्मार्ट विलेज ’ के रूप में चयनित किया है। स्मार्ट विलेज के तौर पर चयनित होने से गांव में विकास की नई बयार बहने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही माना जा रहा है कि इससे युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर भी मुहैया होंगे।
पंतनगर विश्वविद्यालय ने धनौरी क्षेत्र के ग्राम जस्सावाला का चयन ‘स्मार्ट विलेज’ योजना में किया है। योजना के तहत ग्रामीणों को उन्नत किस्म के बीजों के साथ- साथ खाद एवं उर्वरक मुहैया कराकर किसानों से जैविक खेती कराई जाएगी। साथ ही समन्वयित कृषि प्रणाली के तहत किसानों के खेतों पर डेमो लगाए जाएंगे।
इसके साथ ही युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों का मार्गदर्शन भी किया जाएगा। इसके लिए गांव में कोचिंग सेंटर खोल कर बैंकिंग सेवाओं, आईएएस, पीसीएस, एसएससी, रेलवे परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
धनौरी कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि प्रशासनिक विभागों के सहयोग से किसानों को नई तकनीकी से खेती संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। गांव मेें बिजली, पानी, एवं जल निकासी जैसी मूलभूत इसके साथ ही समस्याओं का भी योजना के तहत निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण, ब्यूटीशियन, 10वीं व 12वीं पास युवाओं को मोबाइल, मोटर पंप रिपेयरिंग, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर आदि रोजगारपरक ट्रेड के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। हर महीने ग्राम पंचायत में बैकिंग शिविर भी लगेगा। गांव के जनेश्वर प्रसाद, श्याम लाल ने बताया कि स्मार्ट विलेज में चयन होने से किसानों को अब खेती की समस्याओं मे तकनीकी दिक्कतों से नहीं जूझना पड़ेगा।