गोपेश्वर। औली में 15 से 21 जनवरी तक होने वाली अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने नोडल अधिकारी नियुक्त कर उन्हें जिम्मेदारी सौंप दी है। डीएम आशीष जोशी ने नोडल अधिकारियों को अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
औली में 15 जनवरी से फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल स्कीइंग रेस का आयोजन होना प्रस्तावित है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। आयोजन के दौरान आवासीय एवं भोजन की समुचित व्यवस्था के लिए जीएमवीएन के क्षेत्रीय प्रबंधक, यातायात, शांति व सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस उपाधीक्षक हरवंश सिंह, स्वास्थ्य सुविधा के लिए सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी और स्वागत समिति के लिए जिला विकास अधिकारी आनंद सिंह को नोडल अधिकारी नामित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उप कोषाधिकारी जोशीमठ, सड़क व्यवस्था के लिए लोनिवि गोपेश्वर के ईई, विद्युत व पेयजल आपूर्ति के लिए संबंधित विभागों के ईई को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जोशीमठ के तहसीलदार चंद्रशेखर वशिष्ठ को स्कीइंग उपकरणों का आयोजन से पहले परीक्षण करवाने के निर्देश दिए गए हैं।