गोपेश्वर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदप्रयाग में तैनात डॉक्टर के स्थानांतरण का लोगों ने विरोध किया। उन्होंने डीएम को पत्र भेजकर डॉक्टर का स्थानांतरण रोकने की मांग उठाई। साथ ही मांग पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदप्र्रयाग में वर्ष 2016 में डा. दीपक बिष्ट की तैनाती की गई थी। अब विभाग की ओर से डॉक्टर का अन्यत्र स्थानांतरण कर दिया गया है। ग्राम प्रधान मंगरोली तेजवीर कंडेरी, जगदंबा प्रसाद, विक्रम सिंह नेगी, राकेश रावत, गंगा देवी और गंगेश्वरी देवी का कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदप्रयाग क्षेत्र का एकमात्र स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में बिना डॉक्टर की तैनाती के यहां से स्थानांतरण करना न्यायोचित नहीं है। ग्रामीणों ने बिना व्यवस्था के डॉक्टर का स्थानांतरण रद्द करने की बात कही। इधर, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. भागीरथी जंगपांगी का कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदप्रयाग में स्वास्थ्य व्यवस्था बनाने के लिए जल्द ही डॉक्टर की तैनाती कर दी जाएगी।