कीर्तिनगर/श्रीनगर। मढ़ी में आयोजित चौरास शहीदी मेले में मृणाल रतूड़ी वॉइस ऑफ गढ़वाल बने, जबकि 15 वर्षीय वसुधा गौतम उपविजेता रही। प्रतियोगिता का शुभारंभ कृषि मंत्री सुबोध उनियाल और क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने किया।
विभिन्न स्थानों पर ऑडिशन से चुने गए 10 गायकों में सुरों का मुकाबला हुआ। प्रतिभागियों ने दो राउंड में गायकी का जादू बिखेरते हुए श्रोताओं को खूब झुमाया। निर्णायक डॉ. सुभाष पांडे और डॉ. संजय पांडे ने मृणाल रतूड़ी को वॉइस ऑफ गढ़वाल घोषित किया, जबकि वसुधा गौतम दूसरे स्थान पर रही। अंजलि और महेश जगोठा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
इसके अलावा, शालिनी बहुगुणा, हीरा लाल पटवाल और सोनम आर्य श्रोताओं की पंसद रहे। इसके लिए उन्हे ऑडिएंस च्वॉइस अवार्ड दिया गया। प्रतियोगितों में पहली बार श्रोताओं के लिए भी गायकी का अवार्ड रखा गया। इसमें सुनील फोंदणी प्रथम, डॉ. प्रताप भंडारी द्वितीय और तुलसी तृतीय स्थान पर रहीं। वॉइस ऑफ गढ़वाल के प्रभारी गणेश भट्ट ने बताया कि अगली बार इसका ऑडिशन देहरादून में होगा। इस अवसर पर धीरेंद्र कैंतुरा, शैलेश मलासी, कमलेश थपलियाल, अनिल बिष्ट, नरेंद्र भंडारी, विनोद चौहान व परवेंद्र पंवार आदि उपस्थित थे।
400 मरीजों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण
श्रीनगर। शहीदी मेले में एम्स ऋषिकेश की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया था। इसमें एम्स के चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार और डॉ. आशीष ने 400 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
ये भी हुए सम्मानित
श्रीनगर। चौरास शहीदी मेले मेें केंद्रीय गढ़वाल विवि के समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभागाध्यक्ष प्रो. जेपी पचौरी, एम्स ऋषिकेश के डॉ. संतोष कुमार और यूनियन बैंक के पूर्व कर्मचारी देवी प्रसाद पैन्यूली को सम्मानित किया गया। इन्हें पूर्व केंद्रीय सचिव डॉ. कमल टावरी ने सम्मानित किया।
शहीदों के परिजनों को भेंट किए गए शॉल
श्रीनगर। मेले में कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने शहीदों के परिजनों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मेले को राजकीय घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे। उन्होंने चिंता जताई कि चौरास क्षेत्र कृषि के लिए जाना जाता है, लेकिन श्रीनगर जल विद्युत परियोजना निर्माण से कृषि प्रभावित हो गई है। इस मौके पर मेला समिति ने मेला आयोजन के लिए मैदान दिलवाने की मांग की है।